खैरागढ़ के जंगलों में कोहराम: जलस्रोत के पास मोर और सिवेट समेत कई वन्यजीवों की रहस्यमयी मौत, जहर की आशंका

Follow Us

खैरागढ़। जिले के दल्लीखोली और लछना के जंगलों से आए एक हैरान करने वाले वीडियो ने वन विभाग और वन्यजीव प्रेमियों में हड़कंप मचा दिया है। जंगल के भीतर एक जलस्रोत के पास राष्ट्रीय पक्षी मोर और दुर्लभ जीवों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

यह पूरा मामला तब सामने आया जब प्रकृति प्रेमी मुकेश वर्मा बर्ड वॉचिंग के लिए जंगल गए थे। वहां उन्हें जलस्रोत के पास एक नर मोर, दो मादा मोर, तीन एशियन पाम सिवेट समेत ‘ग्रेटर रैकेट-टेल्ड ड्रोंगो’, ‘रुफस ट्रीपाई’ और ‘जंगल आउलेट’ जैसे कई पक्षी मृत हालत में मिले। मुकेश ने इस दर्दनाक मंजर का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।

आशंका जताई जा रही है कि किसी शरारती तत्व या शिकारी ने जलस्रोत के पानी में कोई घातक जहरीला रसायन मिलाया था, जिसे पीने से इन बेजुबान जानवरों की तड़प-तड़प कर जान चली गई। हालांकि, वन विभाग अभी जहरखुरानी के साथ-साथ भीषण गर्मी और पानी की कमी जैसे अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम ने मौके से पानी के सैंपल जब्त किए हैं और मृत वन्यजीवों के पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों और पर्यावरणविदों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।