रायपुर। केंद्रीय जेल में मादक पदार्थों और मोबाइल फोन की तस्करी रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। कपड़ों में छिपाकर गांजा और मोबाइल फोन जेल के भीतर पहुंचाने की कोशिशों के मामले सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। अब बंदियों, मुलाकातियों और जेल कर्मचारियों से लेकर परिसर में आने वाले वाहनों तक की सघन जांच की जाएगी। इस संबंध में जेल अधीक्षक ने विस्तृत आदेश जारी कर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
मुलाकातियों और पेशी से लौटने वाले बंदियों की होगी जांच
जेल प्रशासन के आदेश के मुताबिक, बंदियों से मिलने आने वाले परिजनों और परिचितों को सघन तलाशी के बाद ही जेल के अंदर प्रवेश दिया जाएगा। मुलाकात कक्ष में आने वाले लोगों के साथ उनके द्वारा लाए गए सामान की भी बारीकी से जांच होगी। इसके अलावा अदालत में पेशी के लिए बाहर जाने और वापस लौटने वाले बंदियों की मुख्य द्वार पर सख्ती से तलाशी ली जाएगी। पहले से लागू सुरक्षा प्रक्रियाओं को अब और अधिक मुस्तैदी के साथ लागू किया जाएगा।
वाहनों की जांच के लिए दो स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था
जेल परिसर में प्रवेश करने वाले वाहनों के लिए दो स्तरों पर सुरक्षा जांच अनिवार्य कर दी गई है। पहली जांच गार्ड प्रभारी करेंगे। इसके बाद मुख्य द्वार पर तैनात गेट कीपर, मुख्य प्रहरी और प्रहरी वाहन के साथ चालक की भी बारीकी से तलाशी लेंगे। दोनों स्तरों की जांच पूरी होने के बाद ही वाहन को जेल परिसर में प्रवेश की अनुमति मिलेगी।
बैरकों के साथ कर्मचारियों की भी होगी तलाशी
जेल प्रशासन ने बंदियों की बैरकों और उनके सामान की नियमित रूप से सघन तलाशी लेने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जेल के अंदरूनी परिसरों का लगातार निरीक्षण किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जेल में तैनात मुख्य प्रहरी और अन्य सिविल कर्मचारियों को भी ड्यूटी पर आने और जाने के दौरान जेल द्वार पर अनिवार्य रूप से तलाशी देनी होगी।
प्रतिबंधित सामान मिलने पर तत्काल होगी कार्रवाई
तलाशी के दौरान गांजा, मोबाइल फोन या अन्य कोई प्रतिबंधित सामग्री मिलने पर उसे तत्काल जब्त कर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देनी होगी। इन सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी उप जेल अधीक्षक को सौंपी गई है। जेल प्रशासन का उद्देश्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी पर रोक लगाना और जेल की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाना है।
