फिंगेश्वर में जंगल के बीच चल रहा था जुए का खेल, 6 आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

गरियाबंद। अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए फिंगेश्वर पुलिस और साइबर टीम ने ग्राम बम्हनदेही के जंगल में दबिश देकर 6 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि जंगल में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। इसके बाद टीम ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की और सभी आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

पुलिस ने जुआ फड़ और आरोपियों के पास से 62,500 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, एक नीले रंग का प्लास्टिक नीपाल, 6 मोबाइल फोन और 4 दोपहिया वाहन जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहन यादव (48), लोकनाथ साहू (43), मन्नू साहू (34), नोहर साहू (38), टेकराम सिन्हा (26) और परस राम सिन्हा (42) के रूप में हुई है। आरोपी महासमुंद, रायपुर और गरियाबंद जिले के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले बताए गए हैं। सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार जिले में जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।