कोरबा। खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच के लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाते हुए 12 दुकानों में निरीक्षण किया। इस दौरान बर्गर, पैकेट बंद खाद्य सामग्री, मिठाइयों समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। जांच टीम ने प्रमुख बाजारों, चौराहों और कॉलोनियों में स्थित दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। एकत्र किए गए नमूनों को परीक्षण के लिए राजनांदगांव स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत स्वच्छता बनाए रखने, एक्सपायरी डेट की नियमित जांच करने, लाइसेंस अपडेट रखने और पैकेजिंग संबंधी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। जिन प्रतिष्ठानों में दस्तावेजों की कमी या खाद्य मानकों में खामियां पाई गईं, उन्हें नोटिस जारी कर जल्द सुधार करने की चेतावनी दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
