पोटिया में घर-घर पीलिया का डर, आखिर कब जागेगा नगर निगम? अरुण वोरा ने किया दौरा

Follow Us

दुर्ग। शहर के पोटियाकला क्षेत्र में पीलिया के 15 मरीज सामने आने से शासन-प्रशासन की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।7 से 12 नवंबर के बीच सामने आए इन मामलों ने क्षेत्र में पेयजल की शुद्धता और स्वच्छता की स्थिति को लेकर स्थानीय नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं दुर्ग शहर के पूर्व विधायक अरुण वोरा ने पोटियाकला का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।आबादीपारा के स्थानीय निवासी राकेश साहू के परिवार के छह सदस्यों के पीलिया से प्रभावित है।अब तक करीब 15 लोग इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं, जिनमें सात मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें 6-7 बच्चे संक्रमण से प्रभावित हैं।क्षेत्र में भय और असमंजस का माहौल है।कई मरीज जिला अस्पताल में उपचार कराने से कतरा रहे हैं। उन्हें वहां की स्वास्थ्य सुविधाओं और उपचार को लेकर आशंकाएं हैं।बजाय झाड़-फूंक का सहारा ले रहे हैं।बच्चे भी अस्पताल जाने को तैयार नहीं हैं।

सनातन पर्वों में एकरुपता अत्यावश्यक- श्रीहरिदास पीठाधीश्वर

अब तक किसी अन्य जनप्रतिनिधि ने मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याएं जानने की पहल नहीं की।अरुण वोरा ने पीलिया से प्रभावित मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा उपचार और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर चर्चा की। पीड़ित परिवारों के बीच मौजूदगी के दौरान ही अरुण वोरा ने कलेक्टर अभिजीत सिंह से दूरभाष पर चर्चा कर उन्हें क्षेत्र की गंभीर स्थिति से अवगत कराया तथा प्रभावित परिवारों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और संक्रमण की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।

हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी: जहां हर कदम पर दिखती है फिल्मों की जादुई दुनिया

इस दौरान वोरा ने कहा कि बीमारी के समय लोगों का सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर भरोसा कायम रहना बेहद जरूरी है।यह स्थिति स्वास्थ्य विभाग के लिए आत्ममंथन का विषय है.प्रशासन को तत्काल प्रभावित परिवारों से संपर्क कर उन्हें उचित चिकित्सा परामर्श और उपचार का भरोसा दिलाना चाहिए। विशेषकर बच्चों को प्राथमिकता के आधार पर चिकित्सकीय देखरेख उपलब्ध कराई जाए।उन्होंने कहा कि पीलिया जैसी बीमारी को हल्के में लेना उचित नहीं है।नागरिकों का स्वास्थ्य और जीवन सर्वोपरि है।दुर्ग शहर के कई अन्य वार्डों में भी पेयजल व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें सामने आती रही हैं.स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल प्रत्येक नागरिक का बुनियादी अधिकार है। नगर निगम को शहर के प्रत्येक वार्ड में पानी की टंकियों की सफाई, पाइपलाइनों की जांच और जल गुणवत्ता का नियमित परीक्षण होना चाहिए, ताकि बीमारी का प्रसार रोका जा सके और शहर के अन्य क्षेत्रों में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।

अरुण वोरा के साथ दौरे के दौरान भोजराम यादव, के.डी. देवांगन, ऋषि साहू, रोहन साहू एवं सुधीर चंदेल भी साथ रहे।