भिलाई। पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-06 में दुर्ग पुलिस की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें लंबित अपराधों और विवेचना की प्रगति के साथ चालान, ई-साक्ष्य, मालखाना और बंदी सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को लंबित मामलों में अनावश्यक देरी से बचते हुए तय समय सीमा के भीतर चालान पेश करने के निर्देश दिए गए। विवेचना से जुड़े सभी रिकॉर्ड और आवश्यक प्रविष्टियां समय पर अपडेट करने पर भी जोर दिया गया। जिन थानों में मामलों के निराकरण की दर कम है, उन्हें माह के अंत तक 75 प्रतिशत से अधिक निराकरण का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में हवालात की नियमित जांच, जोखिमकारक वस्तुओं को दूर रखने तथा जप्त सामग्री के रिकॉर्ड का मालखाना रजिस्टर से मिलान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
गंभीर अपराध, मारपीट और सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में घटनास्थल पर तत्काल पहुंचकर इलेक्ट्रॉनिक और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने पर विशेष जोर दिया गया। महत्वपूर्ण पुलिस कार्रवाई की नियमानुसार वीडियोग्राफी करने और डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा आदतन अपराधियों, चाकूबाजी और अवैध मादक पदार्थों से जुड़े लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने, सक्रिय अपराधियों की निगरानी बढ़ाने और आवश्यकतानुसार गैंग हिस्ट्रीशीट तैयार करने को कहा गया। बैठक में आगामी गणेश विसर्जन को लेकर भी कानून-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गई। विसर्जन जुलूसों के साथ पर्याप्त पुलिस बल और पेट्रोलिंग टीम तैनात करने, प्रमुख विसर्जन स्थलों पर गोताखोर एवं आवश्यक सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और संवेदनशील मार्गों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
गणेश विसर्जन के दौरान शाम के समय ब्रीथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच करने और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि विसर्जन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित रखें। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे विसर्जन के दौरान सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन करें तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
