छत्तीसगढ़ में बिजली दरें बढ़ीं, आज से उपभोक्ताओं को 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट देना होगा ज्यादा बिल

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं को आज से महंगाई का एक और झटका लगा है। छत्तीसगढ़ विद्युत नियामक आयोग द्वारा निर्धारित नई बिजली दरें लागू हो गई हैं, जिसके तहत अब उपभोक्ताओं को प्रति यूनिट 30 से 50 पैसे तक अधिक भुगतान करना होगा। नई दरों के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं की बिजली दरों में इस बार पिछले वर्ष की तुलना में अधिक वृद्धि की गई है। जहां पहले 10 से 20 पैसे की बढ़ोतरी हुई थी, वहीं इस बार यह बढ़ोतरी 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट तक पहुंच गई है।

गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए भी बिजली दरें 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तक बढ़ाई गई हैं, जबकि कृषि पंपों की दरों में 40 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई है। नए टैरिफ के तहत कई नियमों में भी बदलाव किया गया है। बिजली बिल का अग्रिम भुगतान करने पर मिलने वाली छूट को 1.25 प्रतिशत से घटाकर 0.75 प्रतिशत कर दिया गया है। वहीं, बिल देर से जमा करने पर अब 1.5 प्रतिशत मासिक की बजाय 0.04 प्रतिशत प्रतिदिन की दर से सरचार्ज वसूला जाएगा। इसके अलावा एलवी-1 और एलवी-2 श्रेणी के अस्थायी कनेक्शनों पर लागू टैरिफ को भी बढ़ाकर सामान्य दर के 1.5 गुना कर दिया गया है, जो पहले 1.25 गुना था।

घरेलू बिजली की नई दरें (प्रति यूनिट):

  • 0–100 यूनिट: रु.4.10 → रु. 4.40
  • 101–200 यूनिट: रु. 4.20 → रु. 4.50
  • 201–400 यूनिट: रु. 5.60 → रु. 6.00
  • 401–600 यूनिट: रु. 6.60 → रु. 7.00
  • 601 यूनिट से अधिक: रु. 8.30 → रु. 8.80

सरकार ने पहले घोषणा की थी कि बकाया बिजली बिलों पर उपभोक्ताओं को राहत दी जाएगी। इसके तहत लंबित बिल जमा करने पर सरचार्ज में छूट और 10 प्रतिशत तक विशेष राहत देने का प्रावधान किया गया है, जिससे लाखों उपभोक्ताओं को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।