कान्स (फ्रांस)। विश्व के सबसे प्रतिष्ठित कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 के रेड कार्पेट पर जहां ग्लैमर और मॉडर्न फैशन का बोलबाला रहता है, वहीं इस बार एक भारतीय एक्ट्रेस ने अपनी ‘वैष्णव विरासत’ और ‘कृष्ण भक्ति’ से दुनिया को मंत्रमुग्ध कर दिया। जहां आलिया भट्ट और तारा सुतारिया जैसे सितारे अपने वेस्टर्न कॉउचर के लिए सुर्खियां बटोर रहे हैं, वहीं इस देसी एक्ट्रेस ने ‘वृंदावन लहंगा’ पहनकर सनातन धर्म का गौरव बढ़ाया। एक्ट्रेस के एक हाथ में गीता प्रेस की छोटी ‘भगवद गीता’ थी, गले में तुलसी की कंठी माला और दूसरे हाथ में एक पारंपरिक जप बैग (चैंटिंग बैग), जो वैश्विक मंच पर आध्यात्मिकता का प्रतीक बनकर उभरा।

इस खास मौके के लिए उन्होंने सुलक्षणा मोंगा का डिजाइन किया हुआ एक कस्टम-मेड पीला लहंगा पहना था। इस लहंगे की स्कर्ट पर वृंदावन की कलाकृति और वहां की गलियों के दृश्य बेहद बारीक पेंटिंग के जरिए उकेरे गए थे। भारी एम्ब्रॉयडरी वाले ब्लाउज के साथ इस रॉयल लुक ने भक्ति और एलिगेंस का अनूठा संगम पेश किया। लुक को और भी खास बनाने के लिए उन्होंने पोल्की ज्वेलरी और खुद की डिजाइन की हुई तुलसी माला का उपयोग किया। यह केवल एक फैशन स्टेटमेंट नहीं था, बल्कि एक गहरी आस्था का प्रदर्शन था।

अपने इस अपीयरेंस को एक्ट्रेस ने अपने पिता को समर्पित किया, जिनकी फिल्म इस साल कान्स में प्रदर्शित की जा रही है। उन्होंने एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि भगवान कृष्ण द्वारा दिया गया हर मंच उनके लिए एक जिम्मेदारी है ताकि वे ईमानदारी से सनातन धर्म का प्रतिनिधित्व कर सकें। उन्होंने अपनी सफलता का पूरा श्रेय राधारानी और कृष्ण को देते हुए कहा कि वे जो कुछ भी हैं, ईश्वर की कृपा से हैं। रेड कार्पेट पर आस्था के इस अनूठे रंग ने न केवल भारतीयों बल्कि अंतरराष्ट्रीय मीडिया का भी ध्यान अपनी ओर खींचा और इसे कान्स के इतिहास का सबसे ‘स्पिरिचुअल’ पल करार दिया।
