रायपुर में पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ ड्रग्स आरोपी, तीन घंटे के भीतर दोबारा गिरफ्तार

Follow Us

रायपुर। राजधानी में नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि, पुलिस टीम ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर तलाश शुरू की और महज तीन घंटे के भीतर आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया। मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक प्रतिबंधित मादक पदार्थ अपने पास रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स सेल और मौदहापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने रजबंधा मैदान के पास दबिश दी और मुशर्रफ खान (24) को हिरासत में लिया।

अंधेरे और संकरी गलियों का उठाया फायदा
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी अंधेरे और इलाके की संकरी गलियों का फायदा उठाकर पुलिस को चकमा देने में सफल रहा और मौके से फरार हो गया। इसके बाद एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और मौदहापारा पुलिस की टीम ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर उसकी तलाश शुरू कर दी।

तीन घंटे में दोबारा पकड़ाया आरोपी
पुलिस ने लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया और फरार होने के करीब तीन घंटे के भीतर ही आरोपी को दोबारा पकड़ लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ और तलाशी की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।