रायपुर। गणेशोत्सव के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस कमिश्नरेट वेस्ट जोन ने 15 सितंबर को विशेष अभियान चलाया गया। डीसीपी और एडीसीपी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभाला और बड़ी संख्या में बल के साथ बाइक पेट्रोलिंग की, वहीं ड्रोन से पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर निगरानी रखी गई।
डीसीपी वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुड़िया (IPS) और एडीसीपी राहुल देव शर्मा स्वयं गश्त में शामिल रहे। उनके साथ एसीपी ईशू अग्रवाल (IPS) और देवांश राठौर (IPS) भी अपनी-अपनी बाइक टीमों के साथ मौजूद रहे। थाना प्रभारी आजाद चौक अर्चना धुरंधर, सरस्वती नगर पारस पटेल और पुरानी बस्ती विनय सिंह बघेल भी अपने क्षेत्रों में बड़ी संख्या में बल के साथ गश्त पर रहे।
बाइक टीमों ने उन इलाकों में गश्त की जहां चार पहिया वाहन नहीं पहुंच पाते – पंडालों के पीछे की तंग गलियां, ठेला-बाजार और घनी आबादी वाले मोहल्ले। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, सार्वजनिक शराबखोरी, महिलाओं से छेड़छाड़ और वाहन चोरी की आशंका वाले स्थानों पर विशेष चौकसी बरती गई।
जमीन के साथ-साथ आसमान से भी निगरानी की गई। ड्रोन के जरिए प्रमुख पंडालों, बाजारों और व्यस्त चौराहों की लाइव मॉनिटरिंग की गई। भीड़ और जाम की स्थिति ड्रोन फुटेज से तुरंत पहचान कर मौके पर बल भेजकर यातायात सुचारू कराया गया। विसर्जन मार्गों पर भी ड्रोन से नजर रखी गई।
पुलिस ने बताया कि यह चार-स्तरीय व्यवस्था – वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी, बड़ी संख्या में बल, बाइक गश्त और ड्रोन निगरानी – पर्व समाप्ति तक रोज जारी रहेगी। पुलिस ने पंडाल समितियों से वॉलंटियर्स की सूची थाने में जमा करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर डायल 112 पर सूचना देने की अपील की है।
