शिवराज सिंह चौहान की मां के निधन से रायपुर में भाजपा की पदयात्रा स्थगित, अब 5 नवंबर को होगा आयोजन

Follow Us

रायपुर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मां काशी बाई के निधन के बाद छत्तीसगढ़ में उनका दौरा रद्द कर दिया गया है। इसके चलते भाजपा ने शनिवार को रायपुर में प्रस्तावित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा भी स्थगित कर दी है। अब यह कार्यक्रम 5 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। इस पदयात्रा में शिवराज सिंह चौहान को शामिल होना था।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय मंत्री को राजधानी के सुभाष स्टेडियम हॉकी मैदान से तेलीबांधा मरीन ड्राइव तक पदयात्रा करनी थी। रैली की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं, लेकिन उनकी मां के निधन के बाद कार्यक्रम में बदलाव किया गया। भाजपा की ओर से आयोजन स्थगित करने का फैसला लिया गया है।

काशी बाई का भोपाल स्थित एम्स में उपचार चल रहा था, जहां 76 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के ग्राम जैत में निर्धारित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मां का स्नेह और आशीर्वाद जीवन का सबसे बड़ा संबल होता है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।