त्योहारी सीजन में खाद्य विभाग की छापेमारी, तीन प्रतिष्ठानों से लिए नमूने

Follow Us

० अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री बनाने पर श्री अन्नपूर्णा एग्रो की अनुज्ञप्ति तीन दिन के लिए निलंबित
रायपुर। त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और आम लोगों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। वहीं अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री का निर्माण पाए जाने पर भनपुरी स्थित श्री अन्नपूर्णा एग्रो की खाद्य अनुज्ञप्ति तीन दिनों के लिए निलंबित कर दी गई।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा टीम ने मैग्नेटो मॉल स्थित केएफसी से राइस बॉल का नमूना संग्रहित किया। इसी तरह न्यू राजेंद्र नगर स्थित अग्रवाल मिठाईवाला से पूजा पेड़ा और डोडा बर्फी के नमूने जांच के लिए लिए गए। इसके अलावा टीम ने भनपुरी औद्योगिक क्षेत्र क्रमांक 45 स्थित श्री अन्नपूर्णा एग्रो का निरीक्षण किया। जांच के दौरान यहां अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में बेसन और फरसाण फ्लोर का निर्माण किया जाना पाया गया। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए विभाग ने प्रतिष्ठान की खाद्य अनुज्ञप्ति तीन दिनों के लिए निलंबित कर दी।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, सभी संग्रहित नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन में मिलावटी और अमानक खाद्य सामग्री के निर्माण एवं बिक्री पर निगरानी जारी रहेगी।