बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एक फाइव स्टार होटल में शुक्रवार शाम बड़ा हादसा हो गया। होटल के स्विमिंग पूल में तैराकी के दौरान बिजली का करंट लगने से दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई। मृतकों में जर्मन एयरलाइन लुफ्थांसा का एक क्रू मेंबर भी शामिल है। वहीं, दोनों को बचाने की कोशिश में एक अमेरिकी नागरिक और होटल का कर्मचारी भी घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
मृतकों में लुफ्थांसा का क्रू मेंबर शामिल
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 57 वर्षीय जर्मन नागरिक अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थिस और 45 वर्षीय जुराज होर्वाट के रूप में हुई है। अलेक्जेंडर जर्मन एयरलाइन लुफ्थांसा में क्रू मेंबर थे, जबकि जुराज आईबीएम कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।
तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में हादसा
यह घटना बेंगलुरु के हलासुरु इलाके में स्थित एक होटल की है। शुक्रवार शाम दोनों विदेशी नागरिक होटल की तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में तैराकी कर रहे थे। इसी दौरान कथित तौर पर दोनों करंट की चपेट में आ गए। हादसे के बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
बचाने पहुंचे दो लोग भी करंट की चपेट में आए
दोनों विदेशी नागरिकों को मुश्किल में देखकर एक अमेरिकी नागरिक और होटल का पूल अटेंडेंट उन्हें बचाने पहुंचे। इस दौरान अमेरिकी नागरिक मैथ्यू डेसेंटिस (41) और होटल कर्मचारी राहुल तिवारी (28) भी करंट लगने से घायल हो गए। दोनों को तत्काल मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती दोनों घायलों की हालत खतरे से बाहर है और उनका इलाज जारी है। वहीं, दोनों विदेशी नागरिकों की मौत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। होटल के स्विमिंग पूल में करंट कैसे फैला और हादसे के पीछे क्या वजह रही, इसकी जांच की जा रही है।
