प्रधानमंत्री मोदी से हुई कोरिया की महिला उद्यमी हिना की मुलाकात, बिहान योजना से 37 महिलाओं को मिला रोजगार

Follow Us

कोरिया। छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाएं अपने हुनर और उद्यमशीलता के जरिए नई पहचान बना रही हैं। गुजरात के एकता नगर में आयोजित भारत पर्व 2026 में कोरिया जिले की महिला उद्यमी और मिलेट्स कैफे संचालिका हिना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संवाद करने का अवसर मिला। इस दौरान उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से जुड़कर ग्रामीण महिलाएं किस तरह आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं।

हिना ने प्रधानमंत्री को जानकारी दी कि उनके कोरिया मिलेट्स कैफे से 37 महिलाएं जुड़ी हैं। स्व-सहायता समूहों की ये महिलाएं अलग-अलग आजीविका गतिविधियों के माध्यम से नियमित आमदनी कर रही हैं। बिहान योजना के जरिए उन्हें संगठित होकर काम करने, कौशल विकसित करने और स्वरोजगार शुरू करने का अवसर मिला है।

कैफे में मोटे अनाज यानी श्रीअन्न से पौष्टिक और पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन तैयार किए जाते हैं। इससे स्थानीय खानपान और मिलेट्स को बढ़ावा मिलने के साथ महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी बन रहे हैं। भारत पर्व में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक मिलेट्स व्यंजनों का स्टॉल भी लगाया गया है, जहां देशभर से आए लोग राज्य की खाद्य संस्कृति और महिला समूहों के काम से परिचित हो रहे हैं।

कोरिया कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि जिले की महिलाओं में प्रतिभा और मेहनत की कमी नहीं है। सही अवसर और मंच मिलने पर वे अपनी क्षमता साबित कर सकती हैं। उन्होंने इस सफलता का श्रेय स्व-सहायता समूह की पूरी टीम को दिया और उम्मीद जताई कि अन्य समूहों की महिलाएं भी आगे इसी तरह पहचान बनाएंगी। एकता नगर में 30 अक्टूबर से 15 नवंबर 2026 तक आयोजित भारत पर्व में देश के विभिन्न राज्यों के शिल्पकार, उद्यमी और स्व-सहायता समूह अपनी कला, हस्तशिल्प, स्थानीय व्यंजनों और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन कर रहे हैं।