रायपुर आईपीएल मैच में ग्लैमर और हाई सिक्योरिटी का डबल डोज: रो-को संग अंबानी फैमिली रहेगी आकर्षण का केंद्र

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों का 10 साल लंबा इंतजार खत्म होने जा रहा है। नवा रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम रविवार, 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाले ‘महामुकाबले’ के लिए पूरी तरह सज चुका है। मैदान पर जहाँ विराट कोहली और रोहित शर्मा (रो-को) की साख दांव पर होगी, वहीं स्टैंड्स में सितारों की महफिल सजेगी। खबर है कि मुंबई इंडियंस का उत्साह बढ़ाने के लिए अंबानी परिवार स्वयं मौजूद रह सकता है। साथ ही, अनुष्का शर्मा, रितिका सजदेह और बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों के पहुंचने की संभावना ने इस मैच के रोमांच को दोगुना कर दिया है।

इस मेगा इवेंट को सुरक्षित और सफल बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने राजधानी को एक अभेद्य किले में तब्दील कर दिया है। सुरक्षा की कमान 8 आईपीएस अधिकारियों के हाथों में है, जिनके साथ 20 राजपत्रित अधिकारी और करीब 1500 जवानों की भारी फौज तैनात की गई है। आईजी अमरेश मिश्रा के मार्गदर्शन में डीआईजी गिरजाशंकर जायसवाल सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। दर्शकों की सुविधा के लिए ट्रैफिक प्लान को भी बेहद बारीकी से तैयार किया गया है, जिसमें 300 से ज्यादा ट्रैफिक जवान तैनात रहेंगे ताकि नवा रायपुर की सड़कों पर जाम की स्थिति न बने।

स्टेडियम तक पहुंचने के लिए कुल 5 अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं और 12 गेटों से प्रवेश दिया जाएगा। रायपुर शहर, दुर्ग-भिलाई, बिलासपुर और धमतरी से आने वाले दर्शकों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल जैसे साईं अस्पताल, सेंध तालाब और परसदा में व्यवस्था की गई है। वीआईपी रूट को पूरी तरह आरक्षित रखा गया है ताकि सेलिब्रिटीज और खिलाड़ियों की आवाजाही निर्बाध रूप से हो सके। 10 और 13 मई को होने वाले इन मैचों को लेकर पूरे प्रदेश में उत्साह का माहौल है और रायपुर प्रशासन इसे ऐतिहासिक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है।