धमतरी। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने नशे के सौदागरों पर बड़ी आर्थिक कार्रवाई करते हुए 35,85,116.51 रुपये की चल-अचल संपत्ति फ्रीज कर दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अब कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर भी सीधा आर्थिक प्रहार किया जाएगा।
नगर पुलिस अधीक्षक और सिटी कोतवाली थाना प्रभारी की निगरानी में की गई विस्तृत जांच के दौरान आरोपियों के बैंक खातों, फिक्स्ड डिपॉजिट, बीमा योजनाओं, वाहनों और अचल संपत्तियों में निवेश की जानकारी जुटाई गई। जांच के बाद एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 68F के तहत इन संपत्तियों को फ्रीज कर प्रकरण सक्षम प्राधिकारी SAFEMA/NDPSA, मुंबई के समक्ष प्रस्तुत किए गए।
पहले प्रकरण में आरोपी आरती रजक से जुड़े बैंक खातों, फिक्स्ड डिपॉजिट और अन्य वित्तीय निवेश सहित 12,93,636.76 रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई। वहीं दूसरे प्रकरण में आरोपी करण सिंह धुरी , उसकी पत्नी उषा बाई धुरी और पुत्री जाइका धुरी से संबंधित बैंक खातों, वाहन और अचल संपत्तियों सहित 22,91,479.75 रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई।
सक्षम प्राधिकारी ने संबंधित पक्षों को सुनवाई का अवसर देने के बाद उपलब्ध दस्तावेजों और साक्ष्यों का परीक्षण किया। वैध आय के पर्याप्त प्रमाण प्रस्तुत नहीं किए जाने पर 23 जुलाई 2026 को दोनों मामलों में धमतरी पुलिस के फ्रीजिंग आदेश की पुष्टि कर दी गई। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर इसी तरह सख्त आर्थिक कार्रवाई जारी रहेगी।
