- 6 हजार लंबित रजिस्ट्रेशन पूरे
रायपुर। (तुमेश साहू) छत्तीसगढ़ नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल (सीजीएनआरसी) में पिछले कई महीनों से रुका रजिस्ट्रेशन का कार्य अब पटरी पर आ गया है। बीते 6 महीनों से लगभग छः हजार से अधिक एएनएम, जीएनएम, बीएससी और एमएससी नर्सिंग छात्रों का रजिस्ट्रेशन लंबित था।जिसे अब पूरा कर लिया गया है। राज्य शासन ने लक्ष्मी साहू को सीजीएनआरसी का नया रजिस्ट्रार नियुक्त किया है। जिसके बाद पेंडिंग आवेदनों का निराकरण तेजी से किया गया। जानकारी के अनुसार रजिस्ट्रेशन रुकने से छात्रों में भारी नाराजगी थी और वे दर-दर भटकने को मजबूर थे। अब सैकड़ों की संख्या में पेंडिंग आवेदनों को पूरा किया जा चुका है। पहले ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन में बीएससी के लिए 2300, एमएससी के लिए 5900 और जनरल नर्सिंग के लिए 1770 रुपये तक फीस ली जा रही थी, लेकिन अब ऑनलाइन प्रक्रिया में सभी के लिए एक समान फीस निर्धारित की जाएगी।
ग्रामीण अंचल के छात्रों को मिलेगा लाभ
प्रदेश के नर्सिंग छात्रों को अब नई सुविधा मिलने जा रही है। ऑफलाइन के स्थान पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू की जा रही है, जिससे छात्रों को भारी-भरकम फीस से राहत मिलेगी और प्रक्रिया सरल होगी। ऑनलाइन की प्रक्रिया शुरू होने से प्रदेश के सुदूर क्षेत्र में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा।
नर्स पंजीकरण परिषद की जिम्मेदारी:
छत्तीसगढ़ नर्स पंजीकरण परिषद राज्य में योग्य नर्सों, एएनएम, जीएनएम, बीएससी और एमएससी प्रोफेशनल्स का आधिकारिक पंजीकरण करती है। यह राज्य के सभी पंजीकृत नर्सिंग कर्मियों का रजिस्टर सुरक्षित रखती है, नर्सिंग डिप्लोमा और प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं का संचालन करती है, लाइसेंस का नवीनीकरण और विदेश या अन्य कार्यों के लिए गुड स्टैंडिंग व सत्यापन प्रमाण पत्र जारी करती है।
नर्सिंग विद्यार्थियों को राहत मिलेगी
सीजीएनआरसी रजिस्ट्रार लक्ष्मी साहू ने बताया कि मार्च से जुलाई तक लगभग छह हजार रजिस्ट्रेशन लंबित थे, जिन्हें अब पूरा कर लिया गया है और जल्द ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी शुरू होगी। जिससे आर्थिक रूप से कमजोर नर्सिंग विद्यार्थियों को राहत मिलेगी।
