सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल, एक हफ्ते में हजारों रुपये बढ़े दाम; जानें लेटेस्ट रेट

Follow Us

नई दिल्ली। वैश्विक बाजार में बढ़ती अनिश्चितता का असर सोने और चांदी की कीमतों पर साफ दिखाई दे रहा है। बीते एक सप्ताह में दोनों कीमती धातुओं के दाम में बड़ी तेजी दर्ज की गई है। निवेशकों की बढ़ती मांग और अंतरराष्ट्रीय हालातों के चलते सोना और चांदी नए स्तरों पर पहुंच गए हैं। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट सोने की कीमत में करीब 2,622 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही सोने का भाव बढ़कर 1,43,781 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया है। वहीं, 22 कैरेट सोना 1,31,703 रुपये और 18 कैरेट सोना 1,07,836 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है।

इस दौरान सोने की कीमत में उतार-चढ़ाव भी देखने को मिला। सप्ताह में इसका सबसे ऊंचा स्तर 1,45,557 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। वहीं, चांदी की चमक भी बरकरार रही। चांदी के भाव में करीब 6,974 रुपये प्रति किलो की तेजी आई और कीमत 2,22,721 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई। विशेषज्ञों के मुताबिक, वैश्विक तनाव और आर्थिक अनिश्चितताओं के कारण निवेशक सुरक्षित विकल्प के तौर पर सोने-चांदी की ओर बढ़ रहे हैं। आने वाले दिनों में अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसले का असर कीमतों पर देखने को मिल सकता है।