*एकल में कोलकाता और युगल में छत्तीसगढ़ ने मारी बाजी*
रायपुर। अखिल भारतीय विद्युत मंडलीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता की टीम चैंपियनशिप का खिताब छत्तीसगढ़ ने अपने नाम किया है। 6 से 8 सितंबर तक आयोजित अखिल भारतीय टूर्नामेंट में एकल प्रतिस्पर्धा की जीत कोलकाता के नाम रही वहीं युगल खिताब छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी ने अपने खाते में दर्ज किया। समापन अवसर पर पावर कंपनी के तीनों प्रबंध निदेशकों ने विजेताओं को पुरस्कार वितरण किया। इस अवसर पर वरिष्ठतम खिलाड़ी श्री प्रशांत बापट को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित भी किया गया।
पॉवर कंपनी मुख्यालय के क्रीड़ा परिसर में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान प्रबंध निदेशक पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी ने सभी खिलाडिय़ों को खेल भावना का बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए बधाई दी। उन्होंने खेल की सीख को अपने पेशेवर और व्यक्तिगत जीवन का हिस्सा बनाने का भी आग्रह किया। एमडी जनरेशन व केंद्रीय क्रीड़ा कला परिषद के अध्यक्ष संजीव कटियार ने तीन दिनों तक चले इस रोमांचक खेल प्रतियोगिता के माध्यम से ऊर्जा क्षेत्र में काम कर रहे कर्मियों के बीच बेहतर तालमेल बनाना ही असल सफलता है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि एमडी डिस्ट्रीब्यूशन भीम सिंह कंवर ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में कार्य करने के दबाव के बीच खेल के लिए समय निकालना किसी चुनौती से कम नहीं पर उन्हें भी पार कर विजेता बनना बिना समर्पण और अनुशासन के संभव नहीं है। इस अवसर पर एआईईएससीबी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यपालक निदेशक के एस मनोठिया ने इलेक्ट्रिसिटी स्पोट्र्स कंट्रोल बोर्ड द्वारा आयोजित किए जाने वाले विभिन्न खेलों के संबंध में जानकारी दी । केंद्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के महासचिव एम एस चौहान ने इस अवसर पर बताया कि इन तीन दिनों में देश की नौ टीमों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया तथा इस दौरान सिंगल्स के 45 मुकाबले, डबल्स के 34 और टीम इवेंट के 20 मैच समेत कुल 99 मुकाबले खेले गए।
ये रहे प्रतियोगिता के विजेता
अखिल भारतीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का युगल खिताब छत्तीसगढ़ के रजनीश ओबेरॉय और अनुराग शर्मा ने जीता इसमें उपविजेता रहे आंध्रप्रदेश ट्रांसमिशन कंपनी के एन आदिनारायण एवं एम वी वी रामकृष्ण तथा तीसरा स्थान असम पॉवर कंपनी के अनुपम तमोली और अनिमेष साइकाई ने हासिल किया।टेबल टेनिस एकल खिताब कोलकाता इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड के गौतम सिन्हा ने अपने नाम दर्ज किया वहीं उपविजेता रहे असम के अनुपम तामुली तथा तीसरे स्थान पर रहे छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी के रजनीश ओबेरॉय।
टीम चैंपियनशिप छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी ने अपने नाम किया वहीं उपविजेता रही असम पॉवर कंपनी की टीम इस ग्रुप में तीसरे स्थान पर रही तमिलनाडु इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड ,तमिलनाडु। पुरस्कार वितरण के दौरान छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी के वरिष्ठ टेबल टेनिस खिलाड़ी प्रशांत बापट को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से भी नवाजा गया। इस अवसर पर विभिन्न टीमों के वरिष्ठ खिलाडिय़ों एवं सफल संचालन करने के लिए अंपायर एवं रेफरियों का भी सम्मान किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान मुख्य अभियंता मानव संसाधन रश्मि वर्मा ,उप महाप्रबंधक पंकज सिंह परमार, पंकज चौधरी, केंद्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के कार्यालय सचिव राजेश सिंह क्रीड़ा सचिव विनय चंद्राकर , सचिव कला चांदनी दुबे , तथा क्रीड़ा सदस्य द्वय रजनीश चौबे एवं जितेंद्र चौधरी समेत अनेक अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित थे।उल्लेखनीय है कि ऑल इंडिया इलेक्ट्रिसिटी स्पोट्र्स कंट्रोल बोर्ड के समन्वय से छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज द्वारा इस वर्ष आयोजित अखिल भारतीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता के अतिरिक्त क्रिकेट की अखिल भारतीय प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।
