रायगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत खर्राघाट और केलो नदी के आसपास के क्षेत्र के विकास की योजना पर काम शुरू हो गया है। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने 29.99 करोड़ रुपये के प्रस्तावित कार्यों का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय लोगों के साथ स्वच्छता अभियान में हिस्सा लेकर श्रमदान किया। योजना के तहत शनि मंदिर से खर्राघाट तक करीब दो किलोमीटर क्षेत्र को विकसित किया जाएगा। इसके अलावा खर्राघाट में लगभग 8.50 एकड़ जमीन पर ऑक्सीजोन तैयार किया जाना है।
प्रस्तावित कार्यों में सड़क का उन्नयन, नालियों का निर्माण, पैदल चलने के लिए पाथवे, घाटों का सुधार और नदी किनारे का सौंदर्यीकरण शामिल है। पचरी घाट को भी बेहतर बनाया जाएगा और शनि मंदिर के समीप तिराहे के विस्तार से यातायात व्यवस्था सुधारने की योजना है। ऑक्सीजोन में पौधरोपण के साथ पार्किंग, पाथवे और व्यायाम संबंधी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। नदी किनारे लोगों के लिए मॉर्निंग और नाइट वॉक की सुविधा उपलब्ध कराने की भी योजना है। भविष्य में खर्राघाट से शनि मंदिर की ओर मरीन ड्राइव विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया है।
अधिकारियों के अनुसार परियोजना के लिए सीएसआर मद से 29.99 करोड़ रुपये की प्रशासनिक और तकनीकी स्वीकृति मिली है। काम की अनुबंधित राशि 26.39 करोड़ रुपये है और इसके लिए 24 जून 2026 को कार्यादेश जारी किया गया था। पूरी परियोजना को दो साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में ‘लोकल फॉर वोकल’ प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जहां स्थानीय उत्पादों और गतिविधियों की जानकारी दी गई। इस दौरान लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।


