कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रविवार दोपहर चर्च में हुए विवाद के बाद तनाव की स्थिति बन गई। हिंदू संगठन से जुड़े कुछ लोगों पर चर्च में घुसकर महिलाओं से विवाद करने और विरोध करने पर एक युवक के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना से नाराज मसीही समुदाय के लोगों ने कोरबा-रजगामार मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। मामला रजगामार चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर कुछ लोग चर्च के अंदर पहुंचे और वहां मौजूद महिलाओं से विवाद करने लगे। इस दौरान विरोध करने पर एक युवक के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना की जानकारी फैलते ही मसीही समुदाय के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।
धर्म परिवर्तन के आरोप को लेकर बढ़ा विवाद
वहीं, हिंदू संगठन से जुड़े लोगों का आरोप है कि चर्च में धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। उनका कहना है कि इससे पहले भी इस तरह की गतिविधियों का विरोध किया गया था। धर्म परिवर्तन के आरोप और चर्च में हुए विवाद के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
कोरबा-रजगामार मार्ग पर चक्काजाम
घटना से नाराज मसीही समुदाय के लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। काफी देर तक जाम रहने से मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन बाधित रहा।
पुलिस की समझाइश के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन
सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी और शिकायत के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भी रजगामार क्षेत्र में धर्म परिवर्तन के आरोप को लेकर विवाद हुआ था। उस दौरान भी पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था। अब एक बार फिर इसी तरह का मामला सामने आने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। लोगों को समझाइश देकर चक्काजाम समाप्त करा दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
