ग्रामीण स्कूलों के मेधावी बच्चों से मिले मुख्यमंत्री, बोले- बड़े सपने देखो, मेहनत से उन्हें हकीकत बनाओ

Follow Us

रायपुर। सरगुजा जिले के ग्रामीण अंचलों से शैक्षणिक भ्रमण पर राजधानी पहुंचे मेधावी छात्र-छात्राओं ने गुरुवार शाम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। सात शासकीय विद्यालयों के करीब 50 विद्यार्थियों से मुख्यमंत्री ने आत्मीय बातचीत करते हुए उनके अनुभव, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जाना तथा उन्हें बड़े लक्ष्य तय कर पूरी लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।


Read more:- BREAKING NEWS : चमोली की निर्माणाधीन टनल में हुआ भूस्खलन; कई मजदूर अंदर फंसे, तीन की मौत


मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की मजबूत नींव रखने का सबसे अहम दौर होता है। इसी समय देखे गए सपने और उन्हें पूरा करने के लिए किया गया परिश्रम जीवन की दिशा तय करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा को पहचानने, सही लक्ष्य चुनने और उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि सफलता केवल डॉक्टर या इंजीनियर बनने तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, विज्ञान, अनुसंधान, खेल, तकनीक, प्रशासन और उद्यमिता समेत हर क्षेत्र में युवाओं के लिए बेहतर अवसर मौजूद हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के बाद छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा का लगातार विस्तार हुआ है और आज प्रदेश में आईआईएम, ट्रिपल आईटी जैसे राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित संस्थान स्थापित हैं। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर मार्गदर्शन और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण बच्चों की सोच का दायरा बढ़ाते हैं और उन्हें अपने भविष्य के प्रति नई प्रेरणा देते हैं।


Read more:- दुरंतो एक्सप्रेस में 1.24 किलो विदेशी सोना बरामद, कीमत करीब ?1.96 करोड़; दो संदिग्ध गिरफ्तार


केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अनुशासन, समय के सदुपयोग और निरंतर अध्ययन को उज्ज्वल भविष्य की कुंजी बताया। इस भ्रमण में कनकालों, बकिरमा, सुखरी, रामपुर, मेंड्राकला, करजी और सेजेस केशवपुर के विद्यार्थी शामिल हुए। उन्होंने नवा रायपुर स्थित आईआईएम, ट्रिपल आईटी, ट्राइबल म्यूजियम और छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग कार्यालय सहित विभिन्न संस्थानों का भ्रमण कर उच्च शिक्षा और करियर की संभावनाओं की जानकारी हासिल की। इस अवसर पर राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, जिला पंचायत सदस्य पायल सिंह तोमर, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।