*आरपीएफ क्राइम ब्रांच रायपुर-नागपुर और डीआरआई नागपुर की संयुक्त कार्रवाई*
रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत आरपीएफ क्राइम ब्रांच रायपुर और नागपुर की टीम ने डीआरआई नागपुर के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस से करीब 2 करोड़ रुपये का विदेशी सोना बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान दो संदिग्धों को भी पकड़ा गया है। जब्त सोने का कुल वजन करीब 1.242 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 96 लाख 34 हजार 307 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई ट्रेन नंबर 12262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में की गई। जब्त सोने में सात सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ शामिल है।
Read more:- सुदृढ़ कृषि व्यवस्था और पारदर्शी सुशासन से बदल रहा छत्तीसगढ़ के किसानों की तकदीर
विश्वस्त सूचना पर शुरू हुई जांच
जानकारी के मुताबिक, आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर के निरीक्षक को विश्वस्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि दुरंतो एक्सप्रेस में दो व्यक्ति विदेशी सोने की तस्करी कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए नागपुर और रायपुर आरपीएफ क्राइम ब्रांच की टीम को डीआरआई नागपुर के अधिकारियों के साथ ट्रेन में सघन जांच के निर्देश दिए गए। इसके बाद संयुक्त टीम ने रायपुर से नागपुर के बीच ट्रेन की जांच शुरू की। तलाशी अभियान के दौरान टीम को बी-12 कोच में दो संदिग्ध व्यक्ति मिले। दोनों को भंडारा-नागपुर के बीच पकड़ा गया।
तलाशी में मिले सोने के बिस्किट और छड़
संदिग्धों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से करीब 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद हुआ। इसमें सात सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ शामिल थी। बरामद सोने की अनुमानित कीमत ?1,96,34,307 आंकी गई है। कार्रवाई के बाद आरपीएफ ने दोनों संदिग्धों को जब्त सोने सहित आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए डीआरआई नागपुर के सुपुर्द कर दिया।
Read more:- देश की सामूहिक स्मृति के संरक्षक और भविष्य की कल्पना के सृजक हैं कलाकार: मुर्मु
कस्टम एक्ट के तहत मामला दर्ज
डीआरआई नागपुर ने मामले में कस्टम अधिनियम, 1962 की धारा 135 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। दोनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
सोना तस्करी के नेटवर्क की जांच
अब डीआरआई इस बात की जांच कर रही है कि बरामद विदेशी सोना कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। एजेंसी द्वारा सोने की तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क और अन्य लोगों की भूमिका के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। आरपीएफ क्राइम ब्रांच रायपुर और नागपुर तथा डीआरआई नागपुर की इस संयुक्त कार्रवाई से रेलवे में अवैध गतिविधियों पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एजेंसियों की सतर्कता सामने आई है। मामले की जांच आगे बढऩे के साथ सोना तस्करी से जुड़े अन्य कडिय़ों के सामने आने की संभावना है।
