रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में सुबह से बादलों का डेरा है, जबकि उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। वहीं राहत की यह बारिश ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है, क्योंकि 17 मई से मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीटवेव चलने की संभावना जताई गई है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई। सबसे अधिक तापमान 44 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में रहा।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्वी मध्यप्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही एक द्रोणिका दक्षिण-पूर्वी उत्तरप्रदेश से बिहार होते हुए पश्चिम बंगाल और सिक्किम तक फैली हुई है। इसी सिस्टम के असर से छत्तीसगढ़ में मौसम अस्थिर बना हुआ है। रायपुर में आज आंशिक बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, जशपुर समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं बस्तर संभाग और कुछ दक्षिणी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
