छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल का 2027 परीक्षा कैलेंडर संशोधित, आरक्षक और शिक्षक भर्ती समेत प्रवेश परीक्षाओं की तारीखें बदलीं

Follow Us

रायपुर । छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने वर्ष 2027 के लिए संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। नए कार्यक्रम के तहत भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं की तारीखों में बड़ा बदलाव किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग के अंतर्गत समूह-4 आरक्षक भर्ती परीक्षा अब दिसंबर 2027 के बजाय नौ महीने पहले मार्च-अप्रैल में आयोजित की जाएगी। वहीं, आरक्षक भर्ती परीक्षा के लिए पहले से निर्धारित तिथि पर अब शिक्षक भर्ती परीक्षा आयोजित होगी।इसके अलावा विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए होने वाली 11 प्रवेश परीक्षाओं की तारीखों में भी संशोधन किया गया है। नए कैलेंडर के अनुसार परीक्षार्थियों को अब बदली हुई तारीखों के हिसाब से अपनी तैयारी करनी होगी।

नौ प्रवेश परीक्षाएं अब रविवार की जगह गुरुवार को
कर्मचारी चयन मंडल की अधिसूचना के अनुसार, सभी 11 प्रवेश परीक्षाओं की निर्धारित तारीखों में बदलाव किया गया है। पहले इन सभी परीक्षाओं का आयोजन रविवार को होना था, लेकिन संशोधित कार्यक्रम के तहत 15 जून तक आयोजित होने वाली 11 प्रवेश परीक्षाओं में से नौ अब रविवार के बजाय गुरुवार को होंगी। वहीं, शेष दो परीक्षाएं रविवार को ही आयोजित की जाएंगी, लेकिन उनकी तारीखें बदल दी गई हैं।

अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखकर फैसला
कर्मचारी चयन मंडल के संयुक्त परीक्षा नियंत्रक केदार पटेल के मुताबिक, राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाएं सामान्यत: रविवार को आयोजित होती हैं। ऐसे में यदि एक ही दिन दो परीक्षाएं पड़ जाती हैं, तो अभ्यर्थियों के सामने परीक्षा में शामिल होने को लेकर परेशानी खड़ी हो सकती है।इसी समस्या को देखते हुए परीक्षार्थियों के हित में मंडल ने 15 जून तक अपनी प्रवेश परीक्षाएं गुरुवार को आयोजित करने का निर्णय लिया है। इससे अभ्यर्थियों को अलग-अलग परीक्षाओं में शामिल होने का बेहतर अवसर मिल सकेगा।

शासन के निर्देश पर पहले होंगी भर्ती परीक्षाएं
छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने वर्ष 2027 के अंत में होने वाली कुछ परीक्षाओं को निर्धारित समय से पहले आयोजित करने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत आरक्षक भर्ती परीक्षा को दिसंबर के बजाय मार्च-अप्रैल में कराने का निर्णय लिया गया है। साथ ही परीक्षा कैलेंडर में अन्य भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं की तारीखों में भी बदलाव किया गया है।अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा की तैयारी और आवेदन से जुड़ी आगे की प्रक्रिया के लिए कर्मचारी चयन मंडल की ओर से जारी संशोधित कैलेंडर और आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखें।