मुंबई। टीवी और फिल्मों के लोकप्रिय अभिनेता राम कपूर अपने एक बयान को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। रियलिटी शो ‘लॉकअप 2’ के दौरान रिश्तों और विश्वास पर हुई बातचीत में राम कपूर ने ऐसा बयान दिया, जिसे लेकर दर्शकों के बीच बहस छिड़ गई। शो में अन्य प्रतियोगियों के साथ बातचीत करते हुए राम कपूर ने कहा कि जीवन में अच्छे और बुरे दौर आते हैं और यदि किसी से “गलती से” रिश्ते में चूक हो जाए, लेकिन परिवार और बच्चों के कारण साथ रहना जरूरी हो, तो समय के साथ रिश्ते संभल सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हर स्थिति को बातचीत और समय के जरिए संभाला जा सकता है।
राम कपूर की इस टिप्पणी पर अभिनेत्री आकांक्षा चमोला ने असहमति जताई। उन्होंने कहा कि रिश्ते में धोखा कोई अचानक होने वाली गलती नहीं, बल्कि एक सोच-समझकर किया गया निर्णय होता है। आकांक्षा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “गलती से कुछ नहीं होता, यह एक पूरी प्रक्रिया होती है।” हालांकि, राम कपूर अपने बयान पर कायम रहे और दोहराया कि कई बार ऐसी परिस्थितियां अनजाने में भी बन जाती हैं।
शो का यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। बड़ी संख्या में लोगों ने आकांक्षा चमोला के विचारों का समर्थन किया और रिश्तों में विश्वास को सबसे अहम बताया। वहीं कुछ यूजर्स ने राम कपूर के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में धोखे को सामान्य नहीं माना जा सकता।
गौरतलब है कि इससे पहले आकांक्षा चमोला ने शो में अपनी निजी जिंदगी को लेकर खुलासा करते हुए बताया था कि वह अपने पति और टीवी अभिनेता गौरव खन्ना से अलग रह रही हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि वह बच्चे नहीं चाहतीं और इस बारे में पति से खुलकर बात कर चुकी हैं। उनके इस खुलासे के बाद भी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई थी। हालांकि, कुछ लोगों ने इसे शो की पब्लिसिटी से जोड़कर भी देखा।
