अमरनाथ यात्रा 2026: 3 जुलाई से शुरू होगी पवित्र यात्रा,एआई निगरानी और कड़े सुरक्षा इंतजाम से सजेगा मार्ग

Follow Us

जम्मू-कश्मीर। बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। पवित्र अमरनाथ यात्रा 2026 की शुरुआत 3 जुलाई से होगी और यह यात्रा 28 अगस्त तक चलेगी। करीब 57 दिनों तक चलने वाली इस धार्मिक यात्रा को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वर्ष यात्रा को पहले से अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था में आधुनिक तकनीक को शामिल करते हुए ड्रोन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित निगरानी प्रणाली लागू की गई है। यात्रा मार्ग पर 34 फेसियल रिकॉग्निशन कैमरे लगाए गए हैं, जो हर गतिविधि पर नजर रखेंगे।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की तैनाती के साथ तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। इसके अलावा स्निफर डॉग और बम निरोधक दस्ते भी लगातार निगरानी में रहेंगे। जम्मू के तवी रिवरफ्रंट पर नया इंटीग्रेटेड फैसिलिटेशन सेंटर बनाया गया है, जहां मेडिकल जांच, रजिस्ट्रेशन और ठहरने की सुविधा उपलब्ध होगी। इस बार सभी यात्रियों को 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर भी दिया जाएगा।

यात्रा के लिए RFID कार्ड अनिवार्य किया गया है, जिसे बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद जारी किया जाएगा। प्रशासन ने घोड़े, पालकी और पोर्टर सेवाओं के लिए पहले से दरें तय कर दी हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।न श्रद्धालु दो मार्गों-पहलगाम और बालटाल-से गुफा तक पहुंच सकेंगे, जहां पहलगाम मार्ग लंबा लेकिन आसान और बालटाल मार्ग छोटा लेकिन चुनौतीपूर्ण माना जाता है।