रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध धार्मिक और पर्यटन स्थल चैतुरगढ़ के विकास को लेकर नई उम्मीद जगी है। मां महिषासुर मर्दिनी मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और पर्यटन विस्तार से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।
मुख्यमंत्री निवास में हुई इस बैठक में ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने चैतुरगढ़ को प्रदेश के प्रमुख आस्था और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को मां महिषासुर मर्दिनी का स्मृति चिन्ह भेंट किया और आगामी नवरात्रि महोत्सव में चैतुरगढ़ आने का निमंत्रण दिया, जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार कर लिया।
ट्रस्ट अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता प्रभुलाल चौहान के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मंदिर क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं, श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं और पर्यटन को बढ़ावा देने से जुड़े सुझाव मुख्यमंत्री के सामने रखे। इस दौरान विकास कार्यों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा गया।
मुलाकात में समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और ट्रस्ट के कई सदस्य मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख से क्षेत्रवासियों में उत्साह है। माना जा रहा है कि चैतुरगढ़ के विकास से न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिल सकती है।

