सीजी वेदर अपडेट: गर्मी से राहत, प्रदेश में अगले 5 दिन आंधी-बारिश के आसार

Follow Us

रायपुर। लंबे इंतजार के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून ने छत्तीसगढ़ में दस्तक दे दी है। मानसून के सक्रिय होते ही प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है और लोगों को भीषण गर्मी व उमस से राहत मिली है। दंतेवाड़ा, बीजापुर, रायपुर और बस्तर संभाग के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिली।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। वहीं मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों तक तापमान सामान्य से करीब तीन डिग्री अधिक रह सकता है।

राजधानी रायपुर में मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने, बारिश और तेज हवाएं चलने के संकेत हैं। अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बस्तर के जगदलपुर, दंतेवाड़ा, बलरामपुर और बीजापुर समेत कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली गिरने की घटनाओं से बचाव की सलाह दी है।