जशपुरनगर। भारत सरकार के कैबिनेट सचिवालय के निदेशक पार्थसारथी भास्कर देवरकोंडा और राष्ट्रीय सुशासन केंद्र के यंग प्रोफेशनल्स की टीम ने जशपुर जिला प्रशासन की अभिनव पहल ‘निर्माण जशपुर’ ऐप का स्थल निरीक्षण किया। यह निरीक्षण लोक प्रशासन में उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों के संकलन के उद्देश्य से किया गया।
कलेक्टर ने टीम को बताईं ऐप की विशेषताएं
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर रोहित व्यास और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार ने केंद्रीय टीम को ‘निर्माण जशपुर’ ऐप की कार्यप्रणाली, विशेषताओं और उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
निर्माण कार्यों की मौके पर जांच
इसके बाद टीम ने जिले में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों के स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने ऐप के माध्यम से निर्माण कार्यों की निगरानी और उसके जमीनी स्तर पर हो रहे क्रियान्वयन का अवलोकन किया।
रियल-टाइम मॉनिटरिंग में मिल रही मदद
उल्लेखनीय है कि ‘निर्माण जशपुर’ एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाती है। इस ऐप से निर्माण कार्यों की प्रगति पर लगातार नजर रखने, पारदर्शिता सुनिश्चित करने और निर्धारित समय में काम पूरा कराने में मदद मिलती है।जिला प्रशासन की इस डिजिटल पहल को उत्कृष्ट कार्यों के लिए मुख्यमंत्री एक्सीलेंस अवॉर्ड 2025-26 से भी सम्मानित किया जा चुका है।
