रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग एप मामले में सीबीआई ने जांच तेज कर दी है। गुरुवार को टीम ने रायपुर की समता कॉलोनी स्थित मोहित सोमानी के आवास पर छापा मारा। इस दौरान अधिकारियों ने घर में मौजूद दस्तावेजों की जांच-पड़ताल की। आशंका जताई जा रही है कि मोहित सोमानी ने एप प्रमोटर से आईडी लेकर आगे बेचने का काम किया था। इससे पहले रायगढ़ पुलिस ने उन्हें गोवा से गिरफ्तार किया था। फिलहाल वे रायगढ़ जेल में बंद हैं।
इसी मामले में बेटिंग एप के कथित प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत ने 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। ओमान से प्रत्यर्पण के बाद सीबीआई ने उनसे आठ दिनों तक पूछताछ की थी। रिमांड अवधि समाप्त होने पर गुरुवार को उन्हें विशेष अदालत में पेश किया गया। सीबीआई ने आगे की रिमांड नहीं मांगी, जिसके बाद अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी 6,000 करोड़ रुपये के कथित महादेव बेटिंग एप घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रहा है। ईडी ने सौरभ चंद्राकर के खिलाफ पहले जारी गैर-जमानती वारंट को तामील कराने के लिए अदालत में आवेदन दिया था, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। अब ईडी पीएमएलए कोर्ट में नया आवेदन पेश कर उनकी गिरफ्तारी की मांग करने की तैयारी में है।
