रायपुर में चोरी, झपटमारी और सड़क हादसे के मामले दर्ज, जुआ खेलते दो आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

रायपुर । राजधानी में चोरी, झपटमारी और जुआ खेलने के मामले सामने आए हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अज्ञात आरोपियों ने दोपहिया वाहन, मोबाइल, नकदी और नल मीटर चोरी कर लिए। वहीं आमानाका थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई घायल हो गया। पुलिस ने सभी मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

० सिविल लाइन क्षेत्र में दो वारदात
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में चोरी और झपटमारी की दो घटनाएं दर्ज की गई हैं। पहली घटना में लोचन दास की होंडा एक्टिवा क्रमांक सीजी 04 एलएस 4026, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है, न्यू भारत नगर में खड़ी थी। 8 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे अज्ञात चोर वाहन चोरी कर ले गया। पुलिस ने 12 नवंबर को रिपोर्ट पर अपराध दर्ज किया। दूसरी घटना में चुनाभट्टी निवासी रमेश मानापुरे के साथ झपटमारी हुई। 12 नवंबर की रात करीब 11:15 बजे वे ई-रिक्शा से संतोषी नगर चौक से फाफाडीह चौक जा रहे थे। इसी दौरान आट्र्सजोन गार्डन के पास ई-रिक्शा चालक और उसके एक साथी ने उनके हाथ से तीन हजार रुपये नकद और पांच हजार रुपये कीमत का वीवो मोबाइल फोन झपट लिया और फरार हो गए।

० टिकरापारा और गंज में वाहन व मीटर चोरी
टिकरापारा थाना क्षेत्र में भाठागांव चौक के पास लोकेश गर्ग के घर के बाहर लगे नल का मीटर और सॉकेट अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। चोरी गए सामान की कीमत करीब 5,500 रुपये बताई गई है। घटना 22 अक्टूबर की शाम की है। पुलिस ने 12 नवंबर को मामला दर्ज किया। इसी तरह गंज थाना क्षेत्र में फाफाडीह चौक स्थित वालफोर्ट जोन के पास खड़ी एक टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 07 सीएफ 7194 चोरी हो गई। इसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। वाहन मालिक संतराम कौशल की रिपोर्ट पर पुलिस ने 7 सितंबर की घटना के संबंध में 12 नवंबर को अपराध दर्ज किया।

० अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
आमानाका थाना क्षेत्र में टाटीबंध चौक के पास जैन पेट्रोल पंप, धमधातार के निकट सड़क दुर्घटना में 27 वर्षीय नरोत्तम पटेल की मौत हो गई। 10 नवंबर की शाम करीब 7:43 बजे अज्ञात वाहन के चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में नरोत्तम पटेल को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। उनके भाई केवल राम साहू भी घायल हो गए। मर्ग जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

० ताश के 52 पत्तों के साथ दो जुआरी पकड़े गए
आमानाका थाना पुलिस ने 12 नवंबर की रात करीब 9:40 बजे टाटीबंध बस्ती तालाब के पास जुआ खेलते दो आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से 52 ताश के पत्ते और 3,850 रुपये नकद जब्त किए गए। पुलिस ने जुआ एक्ट की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की है।