कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में एक यात्री बस के अंदर युवक की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक इलाहाबाद से बिलासपुर जा रही बस में सफर कर रहा युवक अचानक सीट पर ही बेहोश हो गया। शुरुआत में यात्रियों को लगा कि उसकी तबीयत बिगड़ गई है, लेकिन काफी देर तक कोई हरकत नहीं होने पर चालक और परिचालक घबरा गए।

स्थिति गंभीर देख बस स्टाफ युवक को तुरंत पंडरिया पुलिस स्टेशन लेकर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को युवक के पास से इलाहाबाद से बिलासपुर तक का टिकट मिला है, लेकिन अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
