रायपुर। छत्तीसगढ़ की साय सरकार की महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक मंगलवार को नवा रायपुर स्थित महानदी भवन मंत्रालय में शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हो रही इस बैठक में राज्य के विकास और प्रशासन से जुड़े कई अहम मुद्दों पर मंथन किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में आगामी विधानसभा मानसून सत्र की तैयारियों, खरीफ फसल सीजन की व्यवस्थाओं और किसानों से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। इसके साथ ही राज्य की नई ट्रांसफर पॉलिसी को लेकर भी सरकार बड़ा फैसला ले सकती है। मंत्रिपरिषद की बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े प्रस्तावों पर भी विचार किया जाएगा। कई योजनाओं और प्रशासनिक निर्णयों को कैबिनेट की मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
खरीफ सीजन को देखते हुए सरकार कृषि व्यवस्था, खाद-बीज की उपलब्धता और किसानों को मिलने वाली सुविधाओं की समीक्षा कर सकती है। वहीं, मानसून सत्र को लेकर विभागों की तैयारियों और संभावित विधायी कार्यों पर भी चर्चा होगी। बैठक में प्रदेश के विकास, प्रशासनिक सुधार और जनहित से जुड़े फैसलों पर सरकार की नजर रहेगी। कैबिनेट के निर्णयों की जानकारी बैठक खत्म होने के बाद आधिकारिक रूप से साझा की जा सकती है।
