रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की अहम बैठक 12 और 13 मई को राजधानी रायपुर में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में प्रदेश प्रभारी, जिला अध्यक्ष और कोर ग्रुप के सदस्य शामिल होंगे, जहां संगठन की गतिविधियों और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी। केदार कश्यप ने जानकारी देते हुए बताया कि, बैठक में मंडल और जिला स्तर पर चल रहे प्रशिक्षण वर्गों की समीक्षा की जाएगी, ताकि संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत किया जा सके।
इसके साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की जाएगी और पार्टी की आगे की दिशा पर निर्णय लिया जाएगा। बैठक में एक राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित होगा, जिसमें पश्चिम बंगाल और असम चुनाव में भाजपा की जीत पर मतदाताओं के प्रति आभार जताया जाएगा। साथ ही पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के लिए धन्यवाद प्रस्ताव भी शामिल किया जाएगा। यह बैठक आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
