10 दिन बाद बड़ा खुलासा: ऋषिकेश आश्रम में मिली लापता मां और तीन बच्चे

Follow Us

तखतपुर। क्षेत्र के ग्राम पंचायत सावा डबरा से लापता महिला और उसके तीन बच्चों का मामला आखिरकार 10 दिन बाद सुलझ गया। पुलिस ने सभी को उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित एक आश्रम से सुरक्षित बरामद कर लिया है। परिवार के अचानक लापता होने से पूरे इलाके में चिंता और तरह-तरह की चर्चाएं चल रही थीं। जानकारी के अनुसार, महिला 4 मई को अपने तीन बच्चों के साथ घर से यह कहकर निकली थी कि, वह अपनी बहन के घर जा रही है, लेकिन बाद में वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम बनाकर जांच शुरू की और लगभग 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग तब मिला जब रेलवे स्टेशन की फुटेज में महिला और बच्चों को उत्कल एक्सप्रेस में यात्रा करते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने विभिन्न शहरों में तलाश तेज कर दी और अंततः उनकी लोकेशन ऋषिकेश में मिली। बताया जा रहा है कि महिला धार्मिक प्रवृत्ति की है और वह अपने बच्चों के साथ भगवत कथा सुनने आश्रम पहुंची थी। पुलिस टीम के पहुंचने के बाद सभी को सुरक्षित उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया। बच्चों और मां के सकुशल मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली है और मामला अब शांत हो गया है।