एमसीबी। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के ग्रामीण स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। विकासखंड भरतपुर (जनकपुर) के आयुष्मान आरोग्य मंदिर जमथान को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाणन प्रदान किया गया है। इस उपलब्धि से जिले की ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
राष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरा स्वास्थ्य केंद्र
आयुष्मान आरोग्य मंदिर जमथान को स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, मरीजों की सुरक्षा, उपचार व्यवस्था, रिकॉर्ड संधारण और बेहतर प्रबंधन जैसे निर्धारित मानकों पर खरा उतरने के बाद यह प्रमाणन मिला है। इससे जमथान और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य मंत्री के मार्गदर्शन में बेहतर हो रहीं सुविधाएं
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मार्गदर्शन में जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि जिले की अन्य स्वास्थ्य संस्थाओं को भी चरणबद्ध तरीके से राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित कर NQAS प्रमाणन दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
टीमवर्क से मिली सफलता
जिला NQAS नोडल अधिकारी डॉ. नम्रता चक्रवर्ती के अनुसार, स्वास्थ्य केंद्र में बुनियादी सुविधाओं, साफ-सफाई, संक्रमण नियंत्रण, रिकॉर्ड व्यवस्था और मरीजों की देखभाल पर विशेष ध्यान दिया गया। स्वास्थ्य कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास और बेहतर प्रबंधन से यह सफलता मिली है। इस उपलब्धि में जिला NQAS नोडल अधिकारी डॉ. नम्रता चक्रवर्ती, सहायक नोडल अधिकारी अवनीश पाण्डेय, विकासखंड स्तरीय स्वास्थ्य टीम और आयुष्मान आरोग्य मंदिर जमथान के सभी कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
