‘आवारापन 2’ का ट्रेलर रिलीज, इमरान हाशमी फिर प्यार और बदले की लड़ाई में नजर आए

Follow Us

मुंबई। साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म ‘आवारापन’ ने इमरान हाशमी के करियर में एक अलग पहचान बनाई थी। फिल्म की कहानी, गाने और इमोशनल अंदाज आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं। अब इसी फिल्म का सीक्वल ‘आवारापन 2’ दर्शकों के सामने आने के लिए तैयार है। मेकर्स ने फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया है, जिसे लेकर फैंस में उत्सुकता बढ़ गई है। ‘आवारापन 2’ का ट्रेलर एक ऐसी कहानी की झलक दिखाता है, जिसमें प्यार, बदला और संघर्ष देखने को मिल रहा है। ट्रेलर में इमरान हाशमी एक बार फिर दमदार अंदाज में नजर आ रहे हैं। दिशा पाटनी के साथ उनकी केमिस्ट्री भी दिखाई गई है। वहीं, फिल्म में इमरान के एक्शन सीन्स और दमदार डायलॉग्स भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

ट्रेलर में इमरान हाशमी का एक डायलॉग काफी चर्चा में है, जिसमें वह कहते हैं, “मौत से मेरा पुराना रिश्ता है, उसका एक कर्ज है, जो चुकाना है।” इसके अलावा शबाना आजमी भी फिल्म में अहम भूमिका निभाती नजर आ रही हैं, जिसमें उनका किरदार नेगेटिव शेड लिए हुए दिख रहा है। ट्रेलर से अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म की कहानी इमरान हाशमी और शबाना आजमी के किरदारों के बीच टकराव के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में ड्रग्स और बदले का एंगल भी नजर आ रहा है। हालांकि, इमरान के किरदार का असली मकसद और दिशा पाटनी के साथ उनकी कहानी क्या मोड़ लेगी, इसका खुलासा फिल्म रिलीज के बाद ही होगा। करीब डेढ़ मिनट लंबे इस ट्रेलर को सोशल मीडिया पर जारी किया गया है। हालांकि, इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए ट्रेलर के कमेंट सेक्शन को बंद रखा गया है। अब देखना होगा कि ‘आवारापन 2’ दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।