रायपुर एयरपोर्ट के बाहर ऑटो चालक पर हमला, गंभीर रूप से घायल

Follow Us

रायपुर। राजधानी के एयरपोर्ट के बाहर दो ऑटो चालकों के बीच सवारी को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी झगड़े में बदल गया। आरोप है कि गुस्से में एक चालक ने दूसरे पर कांच की बोतल फोड़कर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, पीड़ित परमानंद धृतलहरे और आरोपी जुबेर खान दोनों एयरपोर्ट के बाहर ऑटो चलाते हैं। शुक्रवार रात सवारी को लेकर हुई कहासुनी देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। इसी दौरान जुबेर खान ने पास की बोतल से परमानंद के सिर पर हमला किया। घायल परमानंद को आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी सिर में गंभीर चोट आई है, लेकिन हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी जुबेर खान को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया। आरोपी को जेल भेज दिया गया है। रायपुर एयरपोर्ट क्षेत्र में सवारी को लेकर ऑटो चालकों के बीच विवाद आम होते हैं। पुलिस ने ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की बात कही है और जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है।