नशे के अवैध कारोबार में फरार आरोपी ऋषि बाबा गिरफ्तार, मोबाइल फोन जब्त

Follow Us

दुर्ग । नशे के अवैध कारोबार से जुड़े मामले में फरार चल रहे आरोपी ऋषि देव कुमार साहनी उर्फ ऋषि बाबा को खुर्सीपार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है। इस प्रकरण में अब तक कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।पुलिस के अनुसार, थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 431/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट एवं किशोर न्याय अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। प्रकरण में पूर्व में 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। वहीं, शेष फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।

इसी दौरान 31 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ऋषि देव कुमार साहनी उर्फ ऋषि बाबा (30 वर्ष), निवासी बालाजी नगर, खुर्सीपार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में प्रकरण में उसकी संलिप्तता पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन जब्त किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना खुर्सीपार के थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केंवट एवं पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आसपास मादक पदार्थों की खरीदी-बिक्री या नशे के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने अथवा डायल 112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।