बृजमोहन अग्रवाल और अमित कटारिया विवाद पर बोले अरुण साव, कहा- जनप्रतिनिधियों का सम्मान करना अधिकारियों की जिम्मेदारी

Follow Us

रायपुर। सांसद बृजमोहन अग्रवाल और आईएएस अधिकारी अमित कटारिया के बीच हुए विवाद को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस मामले में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल का समर्थन करते हुए अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने की नसीहत दी है। अरुण साव ने कहा कि लोकतंत्र में चुने हुए जनप्रतिनिधियों की अपनी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। प्रशासनिक अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुनना चाहिए और उसी के अनुसार उचित प्रतिक्रिया देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह अधिकारियों का दायित्व है कि वे जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करें।

उप मुख्यमंत्री ने तीन साल से अधिक समय से एक ही स्थान पर पदस्थ कर्मचारियों के तबादले को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से पहले ही दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जहां किसी कर्मचारी या अधिकारी को लेकर विशेष शिकायत सामने आएगी, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए अरुण साव ने कहा कि जिस कांग्रेस सरकार के समय तबादलों को लेकर कई सवाल उठे थे, उसे इस मुद्दे पर टिप्पणी करने से पहले अपने कार्यकाल को देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और काम में तेजी लाने के लिए समय-समय पर तबादले जरूरी होते हैं।

40 नगरीय निकायों के लिए राशि जारी होने के बावजूद काम में देरी के सवाल पर अरुण साव ने कहा कि सरकार विकास कार्यों को गति देने के लिए लगातार समीक्षा कर रही है। जहां भी काम में रुकावट या देरी सामने आ रही है, उसके कारणों की जांच कर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। पंजाब में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ लगे ‘गो बैक’ नारों को लेकर भी अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में आपसी विवाद लगातार सामने आ रहे हैं और पार्टी के नेता आपसी लड़ाई में ही व्यस्त हैं।