स्कूल में ‘हाले लुइया’ प्रार्थना का आरोप: प्रधान पाठक लक्ष्मी भारद्वाज निलंबित, धर्मांतरण की शिकायत से मचा हड़कंप

Follow Us

जांजगीरचांपा। जिले के बलौदा स्थित पीएमश्री कन्या प्राथमिक शाला में पदस्थ प्रधान पाठक लक्ष्मी देवी भारद्वाज को गंभीर आरोपों के बाद निलंबित कर दिया गया है। ग्रामीणों की शिकायत पर शिक्षा विभाग ने यह बड़ी कार्रवाई की है। आरोप है कि, स्कूल की प्रार्थना सभा में राष्ट्रगान और सामान्य प्रार्थनाओं की जगह बच्चों को धार्मिक शब्द और “हाले लुइया” जैसे वाक्य सिखाए जा रहे थे।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि, छात्र-छात्राओं को हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ भड़काने और ईसाई रीति-रिवाजों की ओर प्रभावित करने की कोशिश की जा रही थी। मामला जनसमस्या शिविर में उठने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच शुरू कर प्रधान पाठक को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बलौदा निर्धारित किया गया है। मामले में वित्तीय अनियमितता और फर्जी बिल-वाउचर के आरोप भी सामने आए हैं। वहीं बलौदा थाने में लोक शांति भंग होने और धार्मिक विवाद फैलाने की आशंका को लेकर प्रकरण दर्ज किया गया है। घटना के बाद इलाके में चर्चा तेज है और शिक्षा विभाग भी पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुट गया है।