स्कूल में चौथी के छात्र से मारपीट का आरोप: कांच टूटने पर शिक्षक ने डंडे से पीटा

Follow Us

कोंडागांव। प्रदेश के कोण्डागांव जिले के फरसगांव विकासखंड अंतर्गत बालक आश्रम शाला कोसागांव में चौथी कक्षा के छात्र के साथ शिक्षक द्वारा डंडे से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। छात्र और उसके पिता ने शिक्षक उमेश नेताम पर मारपीट का आरोप लगाया है। घटना के बाद छात्र की जांघ में सूजन आने और चलने में परेशानी होने की बात कही गई है।

जानकारी के अनुसार, 16 सितंबर को छात्र नकुल नाग के साथ कथित मारपीट की घटना हुई। छात्र के पिता रतन सिंह नाग का कहना है कि उनके पुत्र ने बताया कि शिक्षक ने खिड़की का कांच तोड़ने की बात कहते हुए उसके पैर और पीठ पर डंडे से तीन बार मारा। अगले दिन आश्रम शाला के अधीक्षक ने छात्र के पैर में सूजन होने की जानकारी उसके पिता को फोन पर दी। इसके बाद पिता आश्रम पहुंचे और छात्र को अस्पताल ले जाकर चिकित्सकीय जांच कराई।

नवा खाई के उत्सव में कांकेर पुलिस का खास संदेश, ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचने की दी सीख

दरअसल, मामले में छात्र और उसके पिता के आरोपों के आधार पर शिक्षक का पक्ष तथा घटना की वास्तविक परिस्थितियां भी सामने आना जरूरी है। शिक्षा विभाग और प्रशासन द्वारा यदि जांच कराई जाती है तो छात्र, शिक्षक, आश्रम शाला के अधीक्षक तथा अन्य संबंधित लोगों के बयान लिए जाने के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी। विभागीय जांच पूरी होने तक शिक्षक पर लगाए गए आरोपों को आरोप के रूप में ही देखा जाना चाहिए।

आपको बता दे, स्थानीय स्तर पर शिक्षक के पूर्व निलंबन और शराब सेवन से जुड़े दावे भी सामने आए हैं, हालांकि इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। ऐसे में इन दावों की भी आधिकारिक पुष्टि आवश्यक है। आश्रम शालाओं में रहने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंताएं महत्वपूर्ण हैं। प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई करने की अपेक्षा की जा रही है।

आंध्र का अनोखा गांव: जहां मोबाइल-टीवी नहीं, 17 परिवार आज भी जीते हैं वैदिक जीवन