भाटापारा। दीपावली के पावन पर्व के दौरान जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने और अग्निकांड जैसी अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए नगर पालिका परिषद भाटापारा एवं राजस्व प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से सघन जांच व ज़ब्ती अभियान चलाया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्यामा पटेल के निर्देशानुसार प्रशासनिक टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों व बाजारों में अचानक दबिश दी। इस दौरान बिना वैध लाइसेंस, निर्धारित स्थल के बाहर एवं बिना सुरक्षा मानकों के बेचे जा रहे अवैध पटाखों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में पटाखा सामग्री ज़ब्त की गई।
अवैध पटाखों पर कार्यवाही और ज़ब्ती
निरीक्षण के दौरान जिन विक्रेताओं द्वारा नियमों का उल्लंघन कर घनी आबादी और मुख्य बाजार क्षेत्र में पटाखों का भंडारण व बिक्री की जा रही थी, उनकी दुकानों से अवैध पटाखा सामग्री जब्त की गई। साथ ही, निर्धारित सीमा से अधिक मात्रा में रखे गए पटाखों को भी प्रशासनिक संरक्षण में लेकर सील किया गया, ताकि शहरवासियों की जान-माल की सुरक्षा बनी रहे।
विक्रेताओं को सख्त हिदायत एवं नियमों के पालन की अपील:
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पटाखों की बिक्री केवल प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थल लोकोत्सव मैदान पर ही की जाएगी। घनी आबादी वाले बाजारों, रिहायशी इलाकों या बिना वैध लाइसेंस के पटाखा बेचना पूरी तरह से प्रतिबंधित है।
प्रशासन द्वारा समस्त पटाखा व्यापारियों एवं विक्रेताओं से अपील की गई है कि वे सुरक्षा मानकों (जैसे अग्निशामक यंत्र, रेत की बाल्टियां व पानी की व्यवस्था) का अनिवार्य रूप से पालन करें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियम विरुद्ध या अवैध रूप से पटाखे बेचने और भंडारण करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक व दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्यवाही में उपस्थित अधिकारी व कर्मचारी
इस संयुक्त कार्रवाई अभियान में तहसीलदार यशवंत राज, नायब तहसीलदार कुलदीप पटेल, थाना प्रभारी अमित पाटले, राजस्व प्रभारी देवा बंजारे, काम्प्लेक्स प्रभारी गंजहंस ठाकुर, विकास वैष्णव, सौरभ ठाकुर, केशव वैष्णव, गजेन्द्र ठाकुर, हेमकुमार साहू, सचिन मसीह, प्रतीक साहू, देवेन्द्र गुप्ता, मनीष राठौर सहित नगर पालिका, राजस्व व पुलिस प्रशासन की पूरी टीम उपस्थित रही।
