दुर्ग। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में महिलाओं को निशाना बनाकर मोबाइल, नकदी और आभूषण झपटने वाले आरोपी को खुर्सीपार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने चार थाना क्षेत्रों में सात वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने उसके पास से मोटरसाइकिल, मोबाइल, सोने-चांदी के आभूषण और नकदी सहित करीब 3.60 लाख रुपये का सामान बरामद किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लक्ष्मण राव (29), निवासी कुम्हारी को गिरफ्तार किया। आरोपी ने खुर्सीपार, पुरानी भिलाई, जामुल, छावनी और सुपेला थाना क्षेत्रों में झपटमारी की घटनाएं की थीं।
आरोपी के कब्जे से होंडा सीबी शाइन मोटरसाइकिल, सोने का सिक्का, मंगलसूत्र, चार मोबाइल फोन, पर्स, बैग और 1,300 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर चलते समय मोबाइल, पर्स और आभूषणों का ध्यान रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
