रायपुर। खम्हारडीह थाना पुलिस ने बजाज पल्सर मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी अनिल कुर्रे ने खम्हारडीह थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 जुलाई 2026 की रात करीब 8 बजे उसने अपनी बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 LX 1534 को एट क्लासिक रेसिडेंशियल सोसायटी के पास गली में खड़ा किया था। इसके बाद वह अपनी दीदी के घर चला गया। करीब आधे घंटे बाद रात 8:30 बजे जब वह वापस लौटा तो मौके से मोटरसाइकिल गायब थी। आसपास तलाश करने के बाद भी बाइक का पता नहीं चला। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 265/26 के तहत धारा 303(2) BNS में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज से शुरू हुई आरोपी की तलाश
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी खम्हारडीह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय कर चोरी की बाइक और आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम को चोरी की मोटरसाइकिल और संदिग्ध आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस ने निखिल सूर्यवंशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में चोरी की बात कबूली
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी निखिल सूर्यवंशी ने बजाज पल्सर चोरी करने की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 LX 1534 बरामद की गई। बरामद बाइक की अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपए है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान निखिल सूर्यवंशी पिता विसम्भर सूर्यवंशी, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम पोस्ट एवं थाना सारागांव, जिला सक्ती के रूप में हुई है। वर्तमान में वह व्हीआईपी क्लब के पीछे, व्हीआईपी स्टेट, थाना खम्हारडीह रायपुर में रह रहा था। खम्हारडीह पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
