मुंबई। बिग बॉस 20 का घर इन दिनों कंटेस्टेंट्स के बीच हो रहे विवादों को लेकर चर्चा में है। शो में बदलते रिश्ते और आपसी मतभेद लगातार नए मोड़ ले रहे हैं। हाल ही में माही विज और लव गिल के बीच तीखी बहस देखने को मिली, जिसमें बात एक्ट्रेस की निजी जिंदगी तक पहुंच गई। वहीं, अरिश्फा को भी बिग बॉस ने सजा सुनाई। विवाद की शुरुआत स्काउट ओपी और काशवी के रिश्ते में आई दरार से हुई। बातचीत के दौरान मामला माही विज के पूर्व पति जय भानुशाली तक पहुंच गया। इससे पहले नॉमिनेशन टास्क में लव ने माही के ‘होमब्रेकर’ बयान पर सवाल उठाए थे।
शो के सामने आए प्रोमो में दोनों के बीच बहस बढ़ती दिखाई दे रही है। जय भानुशाली और तलाक का जिक्र होने पर माही नाराज हो जाती हैं। वह लव को अपनी निजी जिंदगी को विवाद में शामिल नहीं करने की सख्त हिदायत देती हैं। इस बहस के बीच अम्रपाली दुबे और यंग डीएसए भी अपनी बात रखते नजर आए। उन्होंने माही के ‘होमब्रेकर’ शब्द के इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह की टिप्पणी किसी को भी आहत कर सकती है। उनका मानना था कि दूसरों के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करने से पहले उसके असर को समझना जरूरी है।
दूसरी ओर, एक अन्य प्रोमो में बिग बॉस घर के कुछ सदस्यों के व्यवहार पर नाराजगी जताते सुनाई देते हैं। वह कहते हैं कि गलती और मजाक के नाम पर किसी का अपमान करने के बीच अंतर होता है। इसके बाद कनिका, लव और स्काउट का नाम लेते हुए अरिश्फा को सजा सुनाई जाती है। हालांकि, सामने आए प्रोमो में सजा की पूरी वजह स्पष्ट नहीं हुई है।
