खेत बचाओ अभियान के तहत ग्राम पहांदा में कृषक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, 30 किसानों ने लिया प्रशिक्षण

Follow Us

रायपुर। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद–राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान, रायपुर की ओर से संचालित खेत बचाओ अभियान 2026 के तहत ग्राम पंचायत पहांदा, विकासखंड बेरला, जिला बेमेतरा में कृषक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 30 किसानों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक, वैज्ञानिक और टिकाऊ कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करना तथा मृदा स्वास्थ्य, कृषि उत्पादन की स्थिरता और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को बढ़ावा देना था।

वैज्ञानिकों ने दी खेती की आधुनिक तकनीकों की जानकारी
कार्यक्रम में संस्थान की ओर से डॉ. श्रावणी सान्याल और डॉ. श्रीलता पोलेपोंगु तथा कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से डॉ. जितेंद्र कुमार जोशी और डॉ. चंद्रशेखर खरे ने किसानों से संवाद किया। विशेषज्ञों ने तकनीकी व्याख्यान और किसान-वैज्ञानिक संवाद के माध्यम से जैविक एवं प्राकृतिक खेती, संतुलित उर्वरक उपयोग और टिकाऊ कृषि पद्धतियों की जानकारी दी।

खेती की लागत कम करने के बताए उपाय
विशेषज्ञों ने किसानों को रासायनिक उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने की सलाह दी। साथ ही खेती की लागत कम करने और कृषि उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ाने के उपाय भी बताए।

किसानों की समस्याओं का किया समाधान
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने वैज्ञानिकों के साथ कृषि संबंधी समस्याओं और अपने अनुभवों को साझा किया। वैज्ञानिकों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए स्थानीय कृषि परिस्थितियों के अनुरूप उपयोगी सुझाव दिए। खेत बचाओ अभियान 2026 के माध्यम से संस्थान और कृषि विज्ञान केंद्र किसानों तक वैज्ञानिक तकनीकों का प्रसार कर टिकाऊ, लाभकारी और पर्यावरण अनुकूल खेती को प्रोत्साहित करने का प्रयास कर रहे हैं।