पैतृक जमीन हड़पने फर्जी हस्ताक्षर से कराई रजिस्ट्री, पत्नी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र के ग्राम डुण्डेरा में पैतृक कृषि भूमि को कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर हड़पने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर जमीन मालिक के फर्जी हस्ताक्षर कर इकरारनामा और बिक्री नामा तैयार करने तथा भूमि की रजिस्ट्री कराने का आरोप है। पुलिस ने मामले से जुड़े मूल दस्तावेज भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, ग्राम डुण्डेरा निवासी पन्ना लाल साहू (47) ने 26 नवंबर 2026 को वरिष्ठ कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पिता स्व. बोधीराम साहू के स्वामित्व वाली कृषि भूमि को हड़पने के उद्देश्य से शिवकुमार साहू, उसकी पत्नी सीमा साहू और उनके सहयोगियों ने कथित तौर पर आपसी मिलीभगत से फर्जी दस्तावेज तैयार किए।

शिकायत के मुताबिक, 24 सितंबर 2022 को सीमा साहू के पक्ष में फर्जी इकरारनामा तैयार कराया गया। इसके बाद 18 नवंबर 2022 को बोधीराम साहू के नाम से कथित फर्जी हस्ताक्षर कर बिक्री नामा तैयार किया गया। इन दस्तावेजों के आधार पर जमीन की रजिस्ट्री कराने की कार्रवाई की गई।

आयुर्वेद की समृद्ध परंपरा को संरक्षित और विकसित करने में केरलम का महत्वपूर्ण योगदान : राष्ट्रपति मुर्मु

प्रार्थी ने संबंधित दस्तावेजों के हस्ताक्षरों की हैंडराइटिंग विशेषज्ञ से जांच कराई थी। जांच रिपोर्ट में इकरारनामा और बिक्री नामा पर दर्ज हस्ताक्षर बोधीराम साहू के नहीं होने की पुष्टि हुई। इसके बाद थाना उतई में अपराध क्रमांक 568/2026 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 और 34 भादवि में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने शिवकुमार साहू, उसकी पत्नी सीमा साहू और कौशल कुमार साहू को गिरफ्तार किया। आरोपियों से संबंधित दस्तावेजों के साथ प्रार्थी द्वारा प्रस्तुत 43 पन्नों के अभिलेख, 18 नवंबर 2022 का बिक्री नामा ई-स्टाम्प सर्टिफिकेट, 24 सितंबर 2022 का मूल इकरारनामा स्टाम्प पेपर, 14 फरवरी 2023 का ई-स्टाम्प पेपर और रजिस्ट्री पत्रक की मूल प्रति जब्त की गई है।

ग्राम पंचायत अड़बंधा के सरपंच प्रतिनिधि एवं पंचो ने थामा कांग्रेस का हाथ,

गिरफ्तार आरोपियों में शिवकुमार साहू और सीमा साहू निवासी राधिका नगर, सुपेला तथा कौशल कुमार साहू निवासी इंदिरा नगर, ग्राम डुण्डेरा शामिल हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जमीन की खरीदी-बिक्री, रजिस्ट्री और मुख्तारनामा तैयार कराते समय दस्तावेजों की सत्यता और संबंधित पक्षकारों की पहचान की जांच अवश्य करें।