बोहला बांध का गेट खराब, लगातार बह रहा पानी; घटता जलस्तर रामानुजगंज के लिए बना चिंता का विषय

Follow Us

0 करीब 25 हजार की आबादी पर मंडरा सकता है जल संकट, जलाशय में वन विभाग की वोटिंग भी हो सकती है प्रभावित; वर्षों से गेट मरम्मत की मांग के बावजूद नहीं हुई स्थायी व्यवस्था

राजनांदगांव। नगर पालिका क्षेत्र रामानुजगंज के जलस्तर को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला रामानुजगंज जलाशय, जिसे बोहला बांध के नाम से भी जाना जाता है, इन दिनों गंभीर समस्या से जूझ रहा है। बांध का गेट खराब होने के कारण लगातार पानी का रिसाव हो रहा है। इसके चलते जलाशय का जलस्तर निरंतर घट रहा है, जो आने वाले समय में पूरे नगर के लिए बड़ी चिंता का विषय बन सकता है।

बोहला बांध केवल जल संग्रहण का माध्यम नहीं है, बल्कि रामानुजगंज नगर के भूजल स्तर को बनाए रखने में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। जलाशय में लगातार पानी कम होने से आसपास के क्षेत्रों के जलस्तर पर भी प्रतिकूल प्रभाव पडऩे की आशंका है। यदि समय रहते गेट की मरम्मत नहीं कराई गई तो गर्मी के मौसम में स्थिति और गंभीर हो सकती है। नगर की करीब 25 हजार आबादी को जल संकट का सामना करना पड़ सकता है।

वोटिंग शुरू, लेकिन घटता जलस्तर बना चुनौती
विशेष बात यह है कि वन विभाग द्वारा इस जलाशय में वोटिंग की सुविधा भी प्रारंभ कराई गई है, जिससे यहां आने वाले लोगों को पर्यटन और मनोरंजन की सुविधा मिल रही है। लेकिन जिस तेजी से बांध का पानी लगातार रिसाव के कारण कम हो रहा है, उसे देखते हुए आने वाले समय में वोटिंग का संचालन भी मुश्किल हो सकता है। जलस्तर इसी तरह घटता रहा तो पर्यटन गतिविधियां भी प्रभावित होंगी।

कई वर्षों से खराब है गेट, मरम्मत की मांग बेअसर
स्थानीय स्तर पर बांध के गेट की मरम्मत की मांग पिछले कई वर्षों से की जा रही है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। जल संसाधन विभाग की जिम्मेदारी वाले इस बांध के गेट से लगातार हो रहे रिसाव पर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो इसका खामियाजा पूरे नगर को भुगतना पड़ सकता है।

पैतृक जमीन हड़पने फर्जी हस्ताक्षर से कराई रजिस्ट्री, पत्नी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

नगरवासियों का कहना है कि जलाशय के महत्व को देखते हुए जल संसाधन विभाग को तत्काल गेट की तकनीकी जांच कराकर उसकी मरम्मत करानी चाहिए, ताकि पानी का अनावश्यक बहाव रोका जा सके और जलस्तर सुरक्षित रखा जा सके।

अब आवश्यकता है कि संबंधित विभाग इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द ठोस कदम उठाए, क्योंकि बोहला बांध का घटता जलस्तर केवल एक जलाशय की समस्या नहीं, बल्कि रामानुजगंज के भविष्य के जल संरक्षण से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।